बालोतरा में रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा: जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत, झांकियों ने मोहा मन, अखाड़े बाजों ने दिखाए करतब; श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा क्षेत्र
बालोतरा में रामनवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा: जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत, झांकियों ने मोहा मन, अखाड़े बाजों ने दिखाए करतब; श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा क्षेत्र
बालोतरा। भगवान श्रीराम जन्मोत्सव रामनवमी का पर्व बालोतरा में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रामनवमी पर नया चोंच मंदिर से भगवान रामलला की आरती की गई। सनातन धर्म सभा समिति और विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में दोपहर 2 बजे रथ में विराजमान भगवान श्रीराम की तस्वीर की कन्नाना मठ परशुरामगिरी महाराज ने पूजा की। पुष्पवर्षा, ढोल नगाड़ों और जय श्रीराम के जयकारों के साथ शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा में केंद्रीय मंत्री भी पहुंचे
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, विधायक मदन प्रजापत, एसडीएम विवेक व्यास, सभापति सुमित्रा देवी, भाजपा नेता गणपत बांठिया, गोविन्द सिंह कालूड़ी, जैन सनातन धर्म सभा समिति अध्यक्ष आशुराम सुथार, विहिप विभाग मंत्री पुरषोतम गोयल, जिला मंत्री मुकेश गोयल ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा में सबसे आगे दो श्रृंगारित घोड़ों पर दुर्गा वाहिनी, मातृ शक्ति की बालिकाएं और महिलाएं हाथों में भगवा ध्वज लिए चल रही थी। जिनके पीछे दर्जन भर ढोल वादक ढोल बजाते चल रहे थे। शोभायात्रा में देवी-देवताओं की दर्जनों झांकियां चल रही थी।
इन मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा
शोभायात्रा में शामिल विश्व हिंदू परिषद, आर्य वीर दल, बजरंग दल, शिव सेना समेत अखाड़ेबाजों ने करतब दिखाए। शोभायात्रा नई चोंच मंदिर से रवाना होकर मालियों का वास, हनुमंत भवन, बाड़मेर कलेंडर रोड़, महेश्वरी भवन, विश्वकर्मा समाज भवन, गायत्री चौक, हनुमान मंदिर, स्वर्णकार समाज भवन, हिंगलाज माता मंदिर, नेहरू कॉलोनी, मदर टेरेसा स्कूल रोड़, जाह्नवी हॉस्पिटल, आंगडिया गली, द्वितीय रेलवे क्रॉसिंग, कबीर आश्रम रोड़, डाक बंगले के पास, माली समाज भवन गांधीपुरा, कचहरी रोड़, गौर का चौक, भैरू बजार होते हुए चोंच मंदिर के पास पहुंचकर विसर्जित हुई।
झांकियों ने मोहा मन, अखाड़े बाजों ने दिखाए करतब
शोभायात्रा में कई मनमोहक झांकियों शामिल हुई। जिनको श्रद्धालुओं ने खुब सराहा। झांकियों में श्री रामदरबार, हनुमानजी की झांकी, विश्वकर्मा भगवान की झांकी, बाल विवाह, गौ रक्षा, भगवान विष्णु अवतार, शिव पार्वती, बाबा रामदेव, भगवान झूलेलाल, भगवान खाटूश्यामजी, मां कालका, राधा कृष्णा, ग्रामीण संस्कृति पर आधारित झांकियों समेत दर्जनों झांकियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। वहीं भजन मंडलियों की झांकियो में भजनों पर श्रद्धालु झूमते हुए चल रहे थे।
सनातन धर्मसभा समिति के बैनर तले आयोजित शोभायात्रा में शिव सेना, बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद और आर्य वीर दल के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न शक्ति प्रदर्शन और अखाड़ेबाजों ने करतब दिखाए। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और तोरणद्वार लगाकर स्वागत किया।
पुलिस का दिखा हर जगह पहरा
रामनवमी की शोभायात्रा में शहर के हर मुख्य मार्गों पर पुलिस का पहरा नजर आया। वहीं तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बाड़मेर एसपी दिगंत आनंद बालोतरा पहुंचे। एसपी के बालोतरा पहुंचते ही बालोतरा प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। वहीं एसपी दिगंत आनंद शहर के मुख्य बाजार में मौजूद रहे। वहीं मुख्य बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हथियारबंद सुरक्षाकर्मी भी मुस्तैद रहे। एसपी दिगंत आनंद के साथ एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी नीरज कुमारी शर्मा, एडीएम अश्विन पंवार सहित आला अधिकारी मौजूद रहें।
Comments
Post a Comment