बालोतरा में निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन: जगह जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत, सैकड़ों सेवक हुए शामिल

बालोतरा में निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन: जगह जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत, सैकड़ों सेवक हुए शामिल


बालोतरा।
नगर में रविवार को मकर सक्रांति के पावन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस द्वारा भव्य विद्यार्थी पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान पथ संचलन प्रारंभ होने से पहले शिवाजी शाखा परिसर में भारत माता व सरसंघ चालक डॉ केशवराव बलिराम हेडगेवार एवं परम पूज्य माधवराव गोलवलकर गुरुजी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर तथा माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

तत्पश्चात ध्वजारोहण कर स्वयंसेवकों द्वारा ध्वज प्रणाम व संघ प्रार्थना की गई। वहीं इस दौरान बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जिला संघचालक डॉ घेवरराम भील, नगर संघचालक सुभाष चौपड़ा, विभाग कार्यवाह धन्नाराम ने बौद्धिक प्रस्तुत किया तथा मकर सक्रांति के बारे में विद्यार्थियों को संबोधित किया गया।

धनाराम ने कहा की मकर सक्रांति का पावन पर्व हिंदू समाज के लिए पवित्र है।उन्होंने अपने बौद्धिक में हिंदू समाज में समरसता के महत्व, स्वयंसेवकों को अपनी वृत्ति एवं निवृत्ति को शुद्ध रखने तथा श्रेष्ठ आचरण पर जोर दिया। वहीं बौद्धिक कार्यक्रम के पश्चात पथ संचलन प्रारंभ हुआ जो घोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकला।

घोष के साथ निकला पथ संचलन
विद्यार्थी पथ संचलन बालोतरा शहर के मुख्य मार्गों से होता हुआ निकला। जिसमें उसी बस्ती के घोष वादक स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। स्वयंसेवकों द्वारा पणव, आनक, झांझ, त्रिभुज, वंशी व शंख के माध्यम से भारतीय व शास्त्रीय संगीत रचनाओं की प्रस्तुति भी की गई। संघ के स्वयंसेवकों द्वारा गुरु भगवा ध्वज के पावन सान्निध्य में दंड, टोपी सहित पूर्ण गणवेश में संचलन किया गया।

जगह जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अध्यक्ष द्वारा मकर सक्रांति के पावन पर्व पर विद्यार्थी पथ संचलन का आयोजन किया गया। जिसमें बालोतरा शहर के मुख्य चौराहे तथा मार्गों पर समाजसेवी संस्थाओं सहित अलग-अलग पदाधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का स्वागत किया। पथ संचलन शिवाजी परिषद् शाखा से प्रारंभ हुआ जो शहर के पचपदरा रोड, शिव चौराया, नगर परिषद, नीलम सिनेमा, प्रथम रेलवे क्रॉसिंग, पुराना बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी, हनुमंत सराय, द्वितीय रेलवे अंडर ब्रिज, आंगड़िया गली, बाबा रामदेव हॉस्पिटल, नेहरू कॉलोनी होते हुए वापस शिवाजी शाखा परिसर में पथं सचंलन विसर्जन हुआ।

Comments